दोनों ही टीमें इस मैच में बड़ी जीत के साथ आ रही हैं।
पीकेएल के 10वें सीजन (PKL 10) का 82वां मुकाबला 21 जनवरी को बेंगलुरू बुल्स और तमिल थलाइवाज के बीच खेला जाएगा। बेंगलुरू बुल्स का परफॉर्मेंस इस सीजन मिला-जुला रहा है। उन्होंने 14 में से सिर्फ 6 ही मैच जीते हैं और 8 मुकाबलों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि टीम ने अपने पिछले मैच में तेलुगु टाइटंस को बुरी तरह हराया था और इसी वजह से टीम का कॉन्फिडेंस काफी अच्छा होगा।
वहीं तमिल थलाइवाज की अगर बात करें तो वो खराब प्रदर्शन के दौर से गुजर रहे हैं। टीम ने अभी तक 13 मैच खेले हैं, जिसमें से सिर्फ चार ही मैचों में जीत हासिल की है और 9 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि पिछले मैच में उन्हें बड़ी जीत मिली थी और इससे उनका कॉन्फिडेंस जरूर बढ़ा होगा। आइए जानते हैं इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और कौन सा खिलाड़ी कमाल कर सकता है।
PKL 10: बेंगलुरू बुल्स का स्क्वाड
बेंगलुरू बुल्स की टीम इस मैच में जीत के साथ आ रही है। उन्होंने अपने पिछले मुकाबले में तेलुगु टाइटंस को हराया था। बेंगलुरू बुल्स के कोच रणधीर सिंह सेहरावत ने टाइटंस के खिलाफ युवा रेडर अक्षित को सब्सीट्यूट के तौर पर मौका दिया था और उनका ये फैसला एकदम सही साबित हुआ था। अक्षित ने 10 में से 9 प्वॉइंट लाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि भरत का ना चलना बेंगलुरू बुल्स के लिए चिंता का विषय है। पिछले मुकाबले में वो सिर्फ एक ही प्वॉइंट हासिल कर पाए थे। हालांकि बुल्स का डिफेंस काफी दमदार खेल दिखा रहा है और सुरजीत सिंह कहर ढा रहे हैं।
बेंगलुरू बुल्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
विकाश कंडोला, सुरजीत सिंह, प्रतीक, भरत, अभिषेक सिंह, सौरभ नांदल और रण सिंह।
PKL 10: तमिल थलाइवाज का स्क्वाड
तमिल थलाइवाज ने अपने पिछले मुकाबले में पटना पाइरेट्स को बुरी तरह से हरा दिया था। टीम ने 16 प्वॉइंट के अंतर से जीत हासिल की थी और इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उन्होंने कितना डॉमिनेट किया था। थलाइवाज के डिफेंस और रेडर्स दोनों ने बेहतरीन खेल दिखाया था। टीम का डिफेंस इस सीजन अच्छा खेल दिखा रहा है और जिस मैच में डिफेंडर्स को रेडर्स का भी साथ मिल जाता है, टीम काफी खतरनाक बन जाती है। ऐसे में बेंगलुरू बुल्स के खिलाफ भी उन्हें रेडिंग और डिफेंस दोनों में बराबर प्वॉइंट लाने होंगे। सागर और साहिल के ऊपर काफी दारोमदार होगा।
तमिल थलाइवाज की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
नरेंद्र, एम अभिषेक, मोहित, अजिंक्य पंवार, हिमांशु, सागर और साहिल गूलिया।
इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें
बेंगलुरू बुल्स फैंस की निगाहें एक बार फिर युवा रेडर अक्षित पर होंगी जिन्होंने पिछले मुकाबले में कमाल किया था। इसके अलावा डिफेंस में सुरजीत सिंह से भी काफी ज्यादा उम्मीदें रहेंगी। वहीं तमिल थलाइवाज की टीम डिफेंस में सागर और साहिल से उसी तरह के परफॉर्मेंस की उम्मीद करेगी, जैसा उन्होंने पिछले मैच में किया था। इसके अलावा केएस अभिषेक भी घातक साबित हो सकते हैं।
सफलता का मंत्र
तमिल थलाइवाज की जीत के लिए जरूरी है कि अगर डिफेंडर्स बेहतर करें तो फिर रेडर्स भी उस हिसाब से अपना परफॉर्मेंस दें। इसके लिए अजिंक्य पंवार और नरेंद्र कंडोला दोनों को प्वॉइंट लाने होंगे। वहीं बेंगलुरू बुल्स की सफलता के लिए जरूरी है कि उनके मेन रेडर्स भरत और विकाश कंडोला ज्यादा से ज्यादा प्वॉइंट लेकर आएं। बुल्स का भी डिफेंस तो अच्छा कर रहा है लेकिन रेडर्स वैसा कमाल नहीं दिखा पा रहे हैं।
BLR vs TAM के बीच हेड टू हेड आंकड़े
तमिल थलाइवाज और बेंगलुरू बुल्स के बीच अभी तक जितने भी मुकाबले हुए हैं, उनमें पूरी तरह से बेंगलुरू बुल्स का पलड़ा भारी रहा है। थलाइवाज की टीम बिल्कुल भी बुल्स को चुनौती नहीं दे पाई है। अगर हम आंकड़ों की बात करें तो दोनों ही टीमों के बीच अभी तक 13 मैच खेले गए हैं, जिसमें से 11 मैच बेंगलुरू बुल्स ने जीते हैं और सिर्फ दो ही मैचों में तमिल थलाइवाज ने जीत हासिल की है। अभी तक एक भी मैच दोनों टीमों के बीच टाई नहीं हुआ है और इससे पता चलता है कि बुल्स की टीम कितना आगे रही है। इस सीजन भी एक बार बुल्स की टीम थलाइवाज को मात दे चुकी है।
मैच– 13
बेंगलुरू बुल्स ने जीता – 11
तमिल थलाइवाज ने जीता – 2
टाई – 0
हाईएस्ट स्कोर – 48-42
न्यूनतम स्कोर – 24-21
क्या आप जानते हैं?
बेंगलुरू बुल्स की टीम के कोच रणधीर सिंह सेहरावत पहले पीकेएल सीजन से ही टीम के कोच हैं। वो पीकेएल में एकमात्र ऐसे कोच हैं, जो पहले सीजन से ही एक ही टीम के कोच बने हुए हैं।
बेंगलुरू बुल्स और तमिल थलाइवाज के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं ?
दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
